उम्र के हिसाब से मानसिक संतुलन खो बैठे हैं कौल सिंह : जवाहर ठाकुर

मंडी।। द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर ने पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता ठाकुर कौल सिंह पर जुबानी हमला किया है। जवाहर ठाकुर ने कहा कि कौल सिंह ठाकुर उम्र के हिसाब से मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उन्होंने कौल सिंह ठाकुर को डॉक्टर की सलाह लेने की भी बात कही।

सोमवार को मंडी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जवाहर ठाकुर ने यह बात कही। जवाहर ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के देहांत के बाद ठाकुर कौल सिंह शेखचिल्लियों वाले सपने देख रहे हैं।

जवाहर ठाकुर ने यह भी कहा कि कौल सिंह खुद को वीरभद्र सिंह के बाद दूसरा विकल्प साबित करने में जुटे हुए हैं। इसके साथ ही खुद को सबसे वरिष्ठ नेता बताने की कोशिश में भी लगे हैं। उन्होंने कहा कि यह सपने शेखचिल्लियों वाले हैं, जो कभी पूरे नहीं होंगे।

जवाहर ठाकुर ने यह भी कहा कि कौल सिंह एक ओर खुद मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं। वहीं दूसरी ओर मंडी उपचुनाव के लिए प्रतिभा सिंह को खुद से बेहतर उम्मीदवार बता रहे हैं।

इसके साथ ही जवाहर ठाकुर ने कौल सिंह ठाकुर को चुनौती भी दे डाली है। जवाहर ठाकुर ने कहा अगर वो 8 बार के विधायक, कई बार के मंत्री और पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं तो उन्हें खुद उपचुनाव में उतरना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कौल सिंह ऐसा करते हैं तो उन्हें यह भी पता चल जाएगा कि 1977 वाला इंजन आज के दौर में चलता है या नहीं।

SHARE