धर्मशाला।। आपत्तिजनक बयानों और विधानसभा में मर्यादाहीन ढंग से आचरण करने के आरोपों तक सामना कर चुके किन्नौर से कांग्रेस के विधायक और सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने विधानसभा में भ्रष्टाचार पर बात करते हुए रफ़ाल फाइटर जेट्स की खरीद पर सवाल उठाए और उसके बाद इन्हें नकारा बताते हुए ये तक कह दिया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के नहीं, बल्कि भारत के छक्के छूटे।
उनका यह वीडियो वायरल है।
उन्होंने भ्रष्टाचार की बात करते हुए बीजेपी पर आरोप लगाया है कि केंद्र की मोदी सरकार ने 700 करोड़ रुपये का रफाल जेट 2300 करोड़ रुपये में खरीदा। उन्होंने ये भी कहा कि इस विमान की वजह से ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नुकसान झेलना पड़ा। आगे उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इसी वजह से इंडिया ने पाकिस्तान के छक्के नहीं छुड़ाए, बल्कि अपने (भारत) के छक्के छूट गए।
इन हिमाचल की ओर से इस वीडियो को पोस्ट करने के बाद बीजेपी सक्रिय हुई है और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत अन्य बीजेपी नेताओं ने इस मामले में जगत सिंह नेगी और यहां तक कि सीएम सुक्खू से सफाई मांगी है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस नेता ने न सिर्फ देश का अपमान किया है बल्कि भारतीय सेनाओं की उपलब्धि तक पर सवाल उठा दिया है।


