बीजेपी वालों को मत बताना कि कांग्रेस ने क्या किया है, वो सब बेच देंगे : अग्निहोत्री

मंडी।। कोई भी कांग्रेसी भाजपा को न बताए कि कांग्रेस ने 70 वर्षों में क्या-क्या काम किए हैं। भाजपा सरकार कांग्रेस द्वारा स्थापित व्यापारों को बेचने के काम में लगी हुई है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी में आयोजित युवा कांग्रेस के प्रदेश सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर यह तंज कसा।

इसके अलावा अग्निहोत्री ने सीएम जयराम ठाकुर को भी सलाह दी है। उन्होने कहा कि अभी भी लगभग एक वर्ष का समय उनकी सरकार का है। जिसमें उन्हें कुछ कार्य कर लेने चाहिए।

अग्निहोत्री ने जन आशीर्वाद यात्रा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में यात्राएं वाले निकले हैं जो कि कांग्रेस नहीं बल्कि प्रदेश के मुखिया के लिए सड़कों पर निकल रहे हैं। उन्होने कहा कि भाजपा में बटवारे की बड़ी बुनियाद रखी जा चुकी है जिसका सारा फायदा कांग्रेस को मिलने वाला है।

वहीं इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने सम्मेलन में उपस्थित युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मंडी लोकसभा चुनावों में प्रतिभा सिंह सबसे लोकप्रिय प्रत्याशी के तौर पर सामने आ रही हैं और इस जनभावना को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

इसके साथ ही उन्होने प्रदेश की भाजपा सरकार पर महंगाई पर लगाम न लगाने, प्रदेश में माफिया की सक्रियता, बेरोजगारी, खराब सड़क व्यवस्था आदि अनियमितताओं का अरोप लगाया। उन्होने कहा कि सरकार चुनावों में हर प्रकार से धन-बल लगाने का प्रयास करेगी लेकिन प्रदेश में होने वाले उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित हो इसके लिए एकजुटता से कार्य किया जाएगा।

इस मौके पर शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव कृष्ण अलवारू, प्रभारी संजय दत्त, लाली, दमन, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष यदुपति ठाकुर व अन्य मौजूद रहे।

SHARE