हिमाचल: जल्द ही सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी के साथ चल सकती हैं बसें

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में जल्द ही सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी के साथ बसें चल सकती हैं। हिमाचल सरकार सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी के साथ बसें चलाने की तैयारी में है। इस बारे में परिवहन निगम प्रबंधन ने भी सरकार को प्रस्ताव भेजा है।

पिछले करीब एक महीने से बसों में 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी के साथ बसें चलाई गई हैं। लेकिन अब प्रदेश सरकार कोरोना के मामलों में कमी और परिवहन निगम को लगातार हो रहे घाटे को देखते हुए सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी के साथ बसें चलाने का फैसला ले सकती है।

परिवहन निगम लगातार घाटे में चल रहा है। निगम का कोष खाली है। यहाँ तक कि निगम के पास कर्मचारियों को देने के पैसे तक नहीं है। इस समय परिवहन निगम के पास करीब 3400 बसें हैं। फिलहाल करीब 2100 रूटों पर बसें चल रही हैं, जबकि करीब 1000 रूट बन्द हैं।

इसके अलावा बाहरी राज्यों के लिए भी निगम की ओर से बसें चलाई जा रही हैं। इस समय करीब 400 बसें बाहरी राज्यों के रूटों पर चल रही हैं। बाहरी राज्यों के ये सभी रूट फायदे वाले हैं। लेकिन बसों में 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी के चलते कमाई कम हो रही है।

परिवहन निगम के अनुसार करीब एक महीने से बसें 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी के साथ चल रही हैं। इससे निगम को प्रतिदिन करीब एक करोड़ तक कमाई हो रही है। निगम का कहना है कि जब बसें सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी के साथ चलती थीं, तो निगम को प्रतिदिन ढाई करोड़ तक कमाई होती थी।

इस बारे परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने कहा कि परिवहन निगम की ओर से यह मामला उठाया गया है। इस पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा की जरूरत पड़ी, तो कैबिनेट में भी इस मामले पर चर्चा की जा सकती है।

SHARE