18 साल की लड़की से करवाई जा रही थी 12 साल के लड़के की शादी

सिरमौर।। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पुलिस और महिला एवं बाल कल्याण विभाग की टीम ने एक बाल विवाह को रुकवाने में कामयाबी हासिल की है। यहां माजरा की बंगाला बस्ती में 12 साल के लड़के का विवाह लगभग 18 साल की युवती के साथ करवाया जा रहा था। पुलिस ने बारात निकलने से पहले ही शादी रुकवा दी।  इस दौरान तेज कार्रवाई के लिए पहचानी जाने वाली एसपी सौम्या सांबशिवन भी मौजूद रहीं। उन्होंने लोगों को समझा कर शादी रुकवाई।

पुलिस ने दुल्हा और दुल्हन दोनों के पिताओं को गिरफ्तार कर लिया है। ‘अमर उजाला’ की।खबर के अनुसार माजरा की बंगाला बस्ती में गुरुवार को एक नाबालिग की बारात जानी थी। इसके लिए बस्ती में ही शादी की रस्म होनी थी, लेकिन ऐन मौके पर संयुक्त टीम ने शादी को रुकवा दिया।

सबसे पहले महिला एवं बाल कल्याण विभाग को इसकी सूचना मिली थी। फिर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक सौम्या सांबशिवन, सीडीपीओ पांवटा रूपेश और जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। वहां पर कुछ समय के लिए हंगामा भी हुआ, लेकिन परिजन मान गए।

एसपी सौम्या सांबशिवन के अनुसार जिस बच्चे की शादी हो रही थी उसकी उम्र 12 वर्ष है। लड़की की उम्र का पूरा पता नहीं लग सका है मगर वह 18-19 वर्ष की प्रतीत हो रही है। लड़का स्थानीय है जबकि लड़की हरियाणा के कुरुक्षेत्र की है।

SHARE