अनुराग ठाकुर ने शिमला में वीरभद्र और कांग्रेस पर साधा निशाना

शिमला।। बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने शिमला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की और वीरभद्र सिंह स्टेडियम बनाने वाले नहीं बल्कि इन्हें तुड़वाने और ताले लगवाने वाले हैं। इसके बाद जब वह चुनावों को लेकर बात करने लगे तो उन्होंने कुछ ऐसा कहा कि ठहाके गूंजने लगे।

पत्रकारों ने अनुराग से सवाल पूछा कि  आगामी विधानसभा चुनावों में बीजेपी कितनी सीटें जीतने का दावा करती है। इस पर उनके मुंह से निकला- बीजेपी 8 और बाकी 60. यह सुनते ही वहां मौजूद सब लोग मुस्कुराने लगे। अनुराग ने तुरंत भूल का सुधार किया और कहा- बीजेपी 60 सीटें जीतेगी और बाकी 8 सीटों पर सिमट जाएंगे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के कई नेता बीजेपी के संपर्क में हैं। पार्टी ने सूची भी तैयार कर ली है, जल्द ही उनको भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी। लिस्ट में कई बड़े नाम हैं। ये कौन लोग हैं? इनका खुलासा जल्द होगा। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश संगठन और सरकार में चल रही खींचतान पर चुटकी ली कि जिस पार्टी के सीएम और प्रदेश अध्यक्ष आपसी लड़ाई के चलते दिल्ली तलब हो रहे हैं। उनका विधानसभा चुनाव में क्या हाल होगा, यह स्पष्ट है।

अनुराग ने शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया। कहा कि, कांग्रेस की नगर निगम चुनाव को टालने की सारी कोशिशें फेल हो गई हैं और नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत होगी। कहा कि सीएम भ्रष्टाचार के मामलों में न्यायालय के चक्कर काट रहे हैं जबकि उनके मंत्री-विधायक उनके साथ दिल्ली और शिमला की दौड़ लगा रहे हैं। पूरी सरकार वीरभद्र सिंह को बचाने में लगी है। ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी मामले में सह आरोपी नौ माह से जेल में है और मुख्य आरोपी जेल से बाहर है।

SHARE