शिमला।। नादौन के विधायक और कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य सरकार पर चोर दरवाजे से भर्तियां करने का आरोप लगाया है। सोमवार को बजट पर चर्चा के अंतिम दिन सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार कर रही है और प्रदेश के बेरोजगार लोगों से अन्याय कर रही है।
सुक्खू ने कहा कि ‘जलशक्ति विभाग में चार हजार मल्टीटास्क वर्कर रखे गए हैं। इनमें से 1400 सिर्फ दो हलकों से हैं। इनमें जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के क्षेत्र से 800 और सीएम जयराम ठाकुर के इलाके से 600 पद भरे गए हैं।’ उन्होंने कहा प्रदेश में 14 लाख बेरोजगार चक्कर लगा रहे हैं लेकिन इन्हें अपने रिश्तेदारों की नौकरी की चिंता है।
सुक्खू के आरोपों का जलशक्ति महेंद्र सिंह ने कोई जवाब नहीं दिया। सुक्खू के बाद बोलते हुए उन्होंने कहा कि ‘सुक्खू ऐसे भाषण दे रहे हैं मानो हमीरपुर में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे हैं।’
यह पहला मामला नहीं है जब जलशक्ति मंत्री पर इस तरह का आरोप लगा है। उनपर सरकारी वाहनों, फंड, पद और शक्तियों आदि के दुरुपयोग के कई आरोप लग चुके हैं। हाल ही में उनके बेटे को और खुद उन्हें भी लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा था। जब वे जिला परिषद चुनाव में अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार कर रहे थे तो लोगों ने उन्हें घेरकर नौकरियों को लेकर सवाल किया था कि ‘आपने सारे लोग अपने इलाके के रखे, क्या हमारे घरों में बेरोजगार नौजवान नहीं हैं।’
मंत्री महेंद्र सिंह से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


[…] को कांग्रेस विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया था कि जलशक्ति विभाग में भर्तियों में […]
Comments are closed.