नगटोरा सूरियां हादसे में दो लोगों की मौत, सीएम ने जताया शोक

कांगड़ा।। कांगड़ा जिले के नगरोटा सूरियां में रसोई गैस का सिलिंडर फटने से दो लोगों की मौत हो गई है। अन्य घायलों का टांडा हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हादसे पर शोक जताया है और व्यस्तता के चलते सरकार के दो मंत्रियों को जिम्मा सौंपा है कि घायलों के इलाज की देख-रेख की जाए।

इसके तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार ने गुरुवार को टांडा अस्पताल पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने दो लोगों की मृत्यु पर शोक जताते हुए कहा कि मृतक फौजी राम व कैंथू राम के परिजनों को सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

परमार से पहले बुधवार रात तीन बजे शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी भी टांडा पहुंची थीं और उन्होंने अस्पताल में घायलों के इलाज के इंतज़ामों का जायजा लिया था।

आंशिक तौर पर घायल एक शख्स को छुट्टी दे दी गई है जबकि एक शख्स पठानकोट में इलाज करवा रहा है। 19 घायलों का इलाज टांडा में चल रहा है। प्रशासन का कहना है तुरंत राहत के तौर पर सभी घायलों को धनराशि मुहैय्या करवा दी गई है।

SHARE