हिमाचल विधानसभा को संबोधित करने वाले तीसरे राष्ट्रपति होंगे कोविंद

शिमला।। राज्य के गठन की स्वर्ण जयंती के अवसर पर 17 सितंबर को भारत के राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद द्वारा संबोधित किए जाने वाले विधानसभा के विशेष सत्र में वर्तमान व पूर्व 93 विधायक शामिल होंगे। सुबह 11 बजे विधानसभा को संबोधित करने वाले कोविंद हिमाचल विधानसभा को संबोधित करने वाले तीसरे राष्ट्रपति होंगे।

जानकारी देते हुए विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने बताया कि इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने 2003 और प्रणब मुखर्जी ने 2013 में विधानसभा को संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 51 कार्यक्रमों का आयोजन करके 1971 से राज्य की यात्रा को उजागर करने का फैसला किया है, जिनमें कोविड के कारण विलंब हुआ है।

उन्होंने बताया कि जिन्होंने भी पहले मुख्यमंत्री वाई एस परमार के समय से राज्य के विकास में योगदान दिया है, इसके माध्यम से उन सभी के प्रयासों की सराहना करने का विचार है। राष्ट्रपति द्वारा विभिन्न मुख्यमंत्रियों और सरकारों के कार्यकाल के दौरान 50 वर्षों के राज्य के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन और मील के पत्थर वाली एक पुस्तक का भी विमोचन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क नेटवर्क, बिजली उत्पादन, बागवानी, कृषि और अन्य क्षेत्रों में बड़ी प्रगति की है और इस आयोजन का उद्देश्य राज्य के लोगों के उल्लेखनीय योगदान और उपलब्धि को याद करना है। विधानसभा स्टाफ के 93 सदस्यों सहित राष्ट्रपति के करीब आने वाले सभी लोगों का कोविड आरटी-पीसीआर टेस्ट किया जाएगा। परमार ने कहा कि सभी पूर्व और वर्तमान विधायकों का सम्मान किया जाएगा।

बता दें 25 जनवरी 1971 को हिमाचल 18वां राज्य बना था, जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पहले मुख्यमंत्री डॉ वाई एस परमार और राज्य के हजारों लोगों की उपस्थिति में ऐतिहासिक रिज पर हिमाचल प्रदेश को राज्य का दर्जा देने की घोषणा की।

SHARE