ध्यान दें, हिमाचल से बाहर नहीं जाएंगी HRTC की बसें

1

शिमला।। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के खिलाफ़ चल रहे यौन शोषण के मामले में कोर्ट का फैसला आने के मद्देनजर भारी संख्या में जुटे डेरा प्रेमियों के हुड़दंग की आशंका के चलते हिमाचल भी प्रभावित हुआ है। विभिन्न इलाकों से डेरा प्रेमी ट्राईसिटी का रुख कर रहे हैं। इसके पीछे की रणनीति सिस्टम पर दबाव बनाना लग रही है। मगर इस वजह से हिमाचल पथ परिवहन निगम को बाहरी राज्यों के लिए बस सेवा बंद करी पड़ी है। एचआरटीसी की 200 से ज्यादा बसें शुक्रवार शाम 5.00 बजे तक चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड के लिए नहीं चलेंगी।

 

परिवहन मंत्री जीएस बाली ने शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके और फेसबुक पेज पर पोस्ट डालकर बताया है कि यात्रियों को किसी तरह का नुकसान न हो और बसों को भी निशाना न बनाया जाए, इसलिए सरकार को यह फैसला लेना पड़ा है। इसके साथ ही ऊना से पंजाब और चंडीगढ़ को जाने वाली ट्रेनें भी अगले दो दिनों तक रद्द हैं। इधर परिवहन मंत्री ने बताया है कि इमर्जेंसी में पुलिस के सहयोग से 3 से 4 टैंपो ट्रैवलर चलाई जाएंगी ताकि मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाया जा सके।

दिल्ली और बाहरी राज्यों में गईं बसों को अगले आदेश तक वहीं रोकने को कहा गया है। चालकों- परिचालकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि हिमाचल से दिल्ली जाने वाली सामान्य और वोल्वो बसों के सभी रूट रद्द कर दिए हैं। शिमला से जाने वाली बसें परवाणू और कांगड़ा की तरफ से जानी वाली बसें भी ऊना तक ही जाएंगी। माहौल को देखते हुए बिलासपुर और ऊना से जाने वाली कुछ बसें चंडीगढ़ के सेक्टर-43 बस अड्डे तक भेजी जा सकती हैं। चंडीगढ़ से नाहन-देहरादून जाने वाले बस रूट भी रद्द कर दिए हैं।


इससे निगम को प्रतिदिन 10 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान होगा। स्थिति सामान्य होने पर शुक्रवार शाम के बाद बस सेवा बहाल हो सकती है।

1 COMMENT

  1. Comment: es baba ko fansi toh or ye jo desh khtm krne vale h inko jra unke hwale kro jinhone sarhad pr apne bhai,pati,papa ko desh k liye shhid hote dekha h…

Comments are closed.