चंडीगढ़ पर हमारा भी हक है, कानूनी लड़ाई लड़ेगा हिमाचल: मुकेश अग्निहोत्री

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री (फाइल फोटो)

चंडीगढ़।। उप मुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने कहा है कि चंडीगढ़ पर पंजाब और हरियाणा का ही नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश का भी अधिकार है। उन्होंने कहा कि शहर में हिमाचल की 7.19 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जो हमारा वैधानिक अधिकार है। इसे हम लेकर ही रहेंगे। चाहे इसके लिए हमें कानूनी लड़ाई ही क्यों न लड़नी पड़े।

उप मुख्यमंत्री अग्निहोत्री रविवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में आयोजित इलेक्ट्रिक व्हीकल एक्सपो-2023 में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मंच से चंडीगढ़ पर हिमाचल का अधिकार जताया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ की संपत्तियों पर भी हमारा अधिकार है। पंजाब और हरियाणा को छोटे भाई (हिमाचल) का सम्मान करना चाहिए।

विज्ञापन

अग्निहोत्री ने कहा, “शहर में हिमाचल के कई लोग रहते हैं। जब पंजाब और हरियाणा में चुनाव आते हैं तब यहां के नेता चंडीगढ़ में रहने वाले हिमाचल के लोगों को अपना बताते हैं। अगर हिमाचल के लोग अपने मूल राज्य ( जहां उनके गांव हैं) में भी हो तो उन्हें वापस बुलाया जाता है, लेकिन बाद में उन्हें भूल जाते हैं। हम पंजाब और हरियाणा की खुशहाली और चंडीगढ़ की बेहतरी चाहते हैं, लेकिन इस बेहतरी में हमें भी शामिल किया जाए।”

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चंडीगढ़ में हिमाचल से पानी आता है। इस पानी पर भी हिमाचल का 1.19 प्रतिशत अधिकार है। पानी के मामले में भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) सहित अन्य एजेंसियां एनओसी के लिए हम पर निर्भर रहती हैं, मगर चंडीगढ़ पर हक के मामले में हमें किसी की एनओसी की जरूरत नहीं है।

SHARE