लेख: जनता को महंगी पड़ रही है कौल सिंह और गुलाब सिंह की ऐसी राजनीति-1

(लेख लंबा है, इसलिए दो हिस्सों में बांट दिया गया है। आगे वाले हिस्से का लिंक नीचे दिया गया है।)

  • भूप सिंह ठाकुर

ठाकुर कौल सिंह और ठाकुर गुलाब सिंह, ये दोनों हिमाचल प्रदेश की राजनीति के बड़े नाम हैं। एक कांग्रेस के बड़े नेता हैं तो दूसरे बीजेपी के। यह दिलचस्प है कि दोनों के विधानसभा क्षेत्र अगल-बगल हैं और दोनों ने राजनीति की शुरुआत एकसाथ की है। दोनों वकालत से राजनीति में आए। दोनों ने कई पार्टियों का दामन बदलते हुए कांग्रेस जॉइन की थी। फिर गुलाब सिंह ने आखिरकार बीजेपी का दामन थाम लिया। आज ये दोनों नेता बेशक अलग-अलग पार्टियों में हैं, मगर दोनों की जुगलबंदी यानी आपसी तार-तम्य बहुत जबरदस्त है। भले ही लोग उन्हें एक-दूसरे का कट्टर समझें, मगर दोनों के बीच गजब की मूक सहमती है। एक दौर था, जब दोनो एक-दूसरे की जड़ें काटने पर उतारू थे, मगर आज दोनों एक-दूसरे को सहारा दे रहे हैं।

कौल सिंह ठाकुर

सबसे पहले बात करते हैं कौल सिंह की। कौल सिंह द्रंग से विधायक हैं और 8 बार विधायक चुने जा चुकेहैं। वह सिर्फ एक बार चुनाव हारे हैं, जब 1990 में दीनानाथ यहां से चुने गए थे। इसके बाद 1993 के चुनावों में उन्होंने फिर से वापसी की थी। उनका विधानसभा क्षेत्र बड़ी विविधताओं से भरा है। पुनरसीमांकन के पहले भी स्थितियां पेचीदा थीं और अब भी। ऊपर की तरफ जाएं तो पूरा ट्राइबल इलाका इनकी तरफ है, तो नीचे मंडी से लेकर जोगिंदर नगर तक फैलाव है। ऊपर के जंगल संरक्षित हैं और वहां पर कोई ज्यादा कंस्ट्रक्शन नहीं करवाया जा सकता। इसीलिए आप जब झटिंगरी से ऊपर बरोट की तरफ चलना शुरू करेंगे तो वहां का अंदाजा लगा सकते हैं। न कोई विकास हुआ है न कुछ। वहां के भोले-भाले लोग ज्यादा कुछ चाहते भी नहीं, मगर वे बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।

नीचे द्रंग के सभी अहम ऑफिस पद्धर में हैं। पद्धर का हाल में विकास हुआ है, मगर उस स्तर पर नहीं, जितना होना चाहिए। प्रदेश का इतना कद्दावर नेता, जो मुख्यमंत्री बनने का सपना संजो रहा हो, प्रदेश कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुका हो, कई बार मंत्री रह चुका हो, उसके इलाके का इतना पिछड़ा होना हैरान करता है। हर बार चिकनी-चुपड़ी बातों के अलावा लोगों को कुछ नहीं मिलता और बावजूद इसके लोग वोट देते हैं। शायद यही उनकी रणनीति हो कि लोगों को मोहताज रखो, ताकि वे हर चीज़ के लिए आपके पास आएं, आप उन्हें कृतार्थ (Oblige) करें और फिर वे बदले में आपको वोट दें। न तो कोई अच्छा संस्थान द्रंग में बन पाया है न ही कुछ और ऐसा, जिसपर गर्व किया जा सके।

द्रंग में बिना प्लैनिंग के नाले में बनाया गया OBC हॉस्टल। संस्थान आसपास कोई नहीं और कई सालों से यूं ही सड़ रहा है।
द्रंग में बिना प्लैनिंग के नाले में बनाया गया OBC हॉस्टल। संस्थान आसपास कोई नहीं और कई सालों से यूं ही सड़ रहा है।
जवाहर ठाकुर।

अब सवाल उठता है कि जब इतने खराब हालात हैं तो जनता किसी और नेता को क्यों नहीं चुन लेती? हिमाचल प्रदेश में दो ही पार्टियां प्रमुख हैं- कांग्रेस और बीजेपी। तो इस सीट पर कांग्रेस के कौल सिंह ठाकुर को कई सालों टक्कर दे रहे हैं- जवाहर ठाकुर। जवाहर ठाकुर बहुत डाउन टु अर्थ आदमी माने जाते हैं और चुनाव-दर-चुनाव उनका वोटर बेस बढ़ता जा रहा है। कई बार गिनती में पीछे चलने के बावजूद आखिर में कौल सिंह जीतते रहे। जवाहर शायद जीत जाते, अगर उन्हें अपनी पार्टी का साथ मिलता। जोगिंदर नगर के गुलाब सिंह के साथ शायद कोई गुप्त समझौता है कौल सिंह का। ऐसा ही बीजेपी के पहले के उम्मीदवारों रमेश चंद और दीना नाथ के साथ होता रहा।

सुरेंदर पाल ठाकुर।

अगर बीजेपी की सरकार आने पर सीनियर मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर चाहें तो वह पड़ोसी कॉन्सिचुअंसी के जवाहर ठाकुर को आग ेबढ़ने में मदद कर सकते थे। वह चाहते तो घोषणाएं कर सकते थे, जवाहर के कहने पर कुछ काम करवा सकते थे और जमीनी स्तर पर काम कर सकते थे। यही होता भी है। इससे जनता में विश्वास बनता है कि यह नेता अभी ही इतने काम करवा रहा है तो चुने जाने पर कितने ज्यादा काम करवाएगा। अगर गुलाब सिंह ऐसा करते तो सीधा नुकसान कौल सिंह ठाकुर हो जाता। इसलिए आज तक उन्होंने जवाहर को हमेशा नजरअंदाज किया। इस तरह का फेवर मिलने पर अहसान तो चुकाना ही है। इसलिए कौल सिंह ठाकुर भी यही करते हैं। अभी कांग्रेस की सरकार है, मगर जोगिंदर नगर में कोई काम नहीं करवा रहे। वह चाहते तो यहां से कांग्रेस के हारे हुए प्रत्याशियों का समर्थन करके उनके काम करवाके जीतने में मदद कर सकते थे। मगर ऐसा नहीं करते।

गुलाब सिंह ठाकुर।

भले ही जोगिंदर नगर से हारे हुए कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंदर पाल आज वीरभद्र सिंह के करीबी हैं, मगर कौल सिंह से शुरू में उनके रिश्ते खराब नहीं थे। मगर कौल सिंह दरअसल असुरक्षा से भरे हुए हैं। वह कभी नहीं चाहते कि कोई और नेता मंडी से उनके बराबर उठे। उन्होंने कभी भी जोगिंदर नगर से कांग्रेस के उम्मीदवारों की की मदद नहीं। उल्टा उन्होंने कांग्रेस कैंडिडेट को हराने की ही कोशिशें कीं। सुरेंदर पाल से पहले जोगिंदनर नगर में वह गुलाब सिंह ठाकुर को टक्कर देते रहे ठाकुर रतन लाल के साथ भी ऐसा करते रहे। फिर जिस वक्त गुलाब सिंह ठाकुर कांग्रेस में थे, उन्हें हरवाने के लिए भी पूरे जतन किया करते थे। ये तो आज जाकर दोनों नेताओं ने आपसी हित में सीज़ फायर किया है।

दरअसल असुरक्षा की भावना मंडी के हर नेता में रही है। इसीलिए यहां से कई बड़े नेता हुए और उनकी असुरक्षा की भावना और बड़ा पद पाने के लालच ने उन्हें कभी उठने नहीं दिया। पहले कर्म सिंह ठाकुर इस तरह की राजनीति के शिकार हुए थे। बाद में जब सुखराम बड़े नेता बनकर उभरे और शायद मुख्यमंत्री भी बनते, मगर कौल सिंह ठाकुर ने पाला बदलकर वीरभद्र सिंह का दामन थाम लिया। बाद में वीरभद्र सिंह के खिलाफ बगवात की और खुद को सीएम कैंडिडेट बनाने का दावा पेश कर दिया। मगर वह भूल गए कि उनके पास कोई भी एक विधायक ऐसा नहीं, जो उनके साथ चल सके। कोई विधायक तो तब साथ होता, जब किसी की मदद की होती। मगर असुरक्षा की भावना से जनाब ने यह सोचकर किसी को उठने ही नहीं दिया कि कल को कहीं मेरे लिए मुश्किल खड़ी न कर दे।

व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं में ये नेता भूल गए कि जनता की जरूरतें क्या हैं, उनके लिए भी कुछ करना है। यही हाल रहा तो मुख्यमंत्री बनने का सपना किसी भी जन्म में पूरा होने से रहा। नीयत साफ रखकर अगर चलते तो शायद कामयाबी मिलती।

यह लेख का पहला भाग है। अगले हिस्से में चर्चा गुलाब सिंह ठाकुर की राजनीति पर की गई है। क्लिक करके पढ़ें।

(लेखक मंडी के रहने वाले हैं और आयकर विभाग से सेनानिवृति के बाद विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं के लिए लिख रहे हैं।)

Disclaimer: यह लेखक के अपने विचार हैं, इनसे ‘इन हिमाचल’ सहमति या असहमति नहीं जताता। 

SHARE