जब भी हमने मदद मांगी, जयराम ठाकुर साथ खड़े रहे: प्रतिभा सिंह

मंडी: हर चीज़ राजनीतिक दृष्टि से ही नहीं देखी जाती। अगर कोई व्यक्ति आपका आदर-सम्मान करता है, आपकी बात धैर्य से सुनता है तो हम भी उसका आदर-सम्मान करते हैं। यह बात मंडी लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने सीएम जयराम ठाकुर के संदर्भ में कही।

प्रतिभा सिंह ने वेब चैनल ‘पोल स्टार हिमाचल’ को दिए इंटरव्यू में कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन किसी के साथ व्यक्तिगत संबंध भी होते हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर प्रदेश की सबसे शीर्ष कुर्सी पर बैठे हैं। जब भी हमने उनसे मदद मांगी, वो हमारे साथ खड़े रहे।

उन्होंने कहा कि जब वीरभद्र सिंह बीमार थे तो वह ऐसी हालत में नहीं थे कि चार से पांच घंटे सड़क मार्ग से सफर कर सकें। विक्रमादित्य ने जयराम ठाकुर से अनुरोध किया तो उन्होंने हमें हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया। जयराम ठाकुर हमेशा हमारे साथ खड़े रहे हैं। जब वीरभद्र सिंह अस्पताल में थे तो वहाँ भी जयराम ठाकुर पहुंचे थे।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि जब वीरभद्र सिंह का देहांत हुआ तो जयराम ठाकुर शिमला में भी श्रद्धांजलि देने आए और रामपुर भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि महज़ औपचारिकता निभाने ही वह रामपुर नहीं आये बल्कि घंटों तक तपती धूप में अंतिम संस्कार वाली जगह पर खड़े रहे, जोकि सबने देखा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई इतना आदर भाव से काम कर रहा है, तो हम भी उसका सम्मान करते है। राजनीतिक तौर पर अलग बात है, पर व्यक्तिगत तौर पर भी किसी के साथ संबंध होते हैं।

बीते दिनों से प्रतिभा सिंह कारगिल युद्ध को लेकर दिए अपने विवादित बयान से चर्चा में हैं। हालांकि बाद में वह कई बार इस बात को लेकर माफी भी मांग चुकी हैं और कहा है कि उनकी बात का ऐसा मतलब नहीं था। लेकिन प्रतिभा सिंह इसके बाद भी एक बात लगातार कह रही हैं कि रिटायर होने के बाद सैनिकों को राजनीति में नहीं लाना चाहिए। गुरुवार को उन्होंने जंजैहली में यह बात कही थी। शुक्रवार को उन्होंने यही बात छतरी में फिर दोहराई है।

SHARE