मंडी।। अफगानिस्तान में फंसा हिमाचल का एक बेटा सकुशल अपने घर पहुंच गया है। जबकि दूसरा भी आज शाम तक दिल्ली पहुंच जाएगा। मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल के दो युवा नवीन और राहुल अफगानिस्तान में फंसे थे। नवीन सोमवार रात को सही सलामत अपने घर पहुंच गया है।
नवीन के घर पहुंचते ही पूरा परिवार भावुक हो उठा। परिवार के साथ मिलकर नवीन की आंखों में भी आंसू आ गए। परिवार ने गर्मजोशी से नवीन का स्वागत किया। बहनों ने अपने भाई की आरती उतारी। वहीं, अपने बेटे के घर पहुंचने की खुशी में माँ ने उसके मनपसंद पकवान बना रखे थे।
अफगानिस्तान के हालातों पर बात करते हुए नवीन ने कहा कि इस समय अफगानिस्तान में जिस तरह के हालात हैं, उससे पूरी दुनिया वाकिफ है। लंबी जद्दोजहद के बाद वह भारत पहुंचे हैं। देवी-देवताओं और माता पिता का आशीर्वाद उनके साथ था। उनके आशीर्वाद की बदौलत ही वह घर पहुंचे हैं। नवीन ने यह भी कहा कि वह भविष्य में फिर कभी अफगानिस्तान नहीं जाएंगे।
इसके अलावा नवीन ने बताया कि वह बस के माध्यम से सरकाघाट आ रहे थे। दिल्ली से सुबह 11 बजे उनकी बस थी। लेकिन पानीपत के पास एक गाड़ी के साथ उनकी बस की टक्कर हो गई। टक्कर मामूली थी, लेकिन इस कारण काफी देर तक जाम लग गया। इस वजह से वह देरी से अपने घर पहुंचे। नवीन ने 7 बजे घर पहुंचना था लेकिन बस रात को 11 बजे सरकाघाट पहुंची।
नवीन के बाद अब सरकाघाट का दूसरा बेटा राहुल बराड़ी भी घर पहुंचने वाला है। आज शाम तक राहुल के घर पहुंचने की संभावना है। सोमवार को वह लंदन से कतर पहुंच गया है। वहां से उसे आज दिल्ली के लिए फ्लाईट मिलेगी।अपने बेटों के सुरक्षित लौटने की खुशी में दोनों के परिजन फूले नहीं समा रहे हैं।