जरूरतमंदों की सुविधाएं छीनना ही सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन: जयराम ठाकुर

जयराम ठाकुर (पूर्व मुख्यमंत्री)

शिमला।। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस सरकार को प्रदेश के आम लोगों को दी गई उन सुविधाओं को छीनने का काम बंद करना चाहिए, जो सुविधाएं पिछली बीजेपी सरकार ने दी थीं।

बयान जारी कर जयराम ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस सरकार ने 2022 के विधानसभा चुनाव के समय दी गई गारंटियों को तो पूरा नहीं किया, मगर अब पिछली सरकार की दी गई सुविधाओं को छीन रही है।

उन्होंने कहा, “क्या व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर प्रदेश का रेवेन्यू बढ़ाने की बात करने के पीछे क्या मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू की यही योजना थी? क्या इस तरह से प्रदेश का राजस्व बढ़ेगा?”

ठाकुर ने कहा कि सहारा पेंशन योजना के तहत चलने फिरने में असमर्थ दिव्यांगों को दी जाने वाली पेंशन को रोकना और मरीजों से इलाज करवाने का अधिकार वापस लेना बेहद शर्मनाक है। क्या सरकार की जरूरतमंद लोगों के लिए कोई जिम्मेदारी नहीं है? अगर सरकार को राजस्व ही बढ़ाना है तो उसे वित्तीय बोझ घटाकर शुरुआत करनी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यकाल को किसी भी सरकार के सबसे खराब कार्यकाल के तौर पर याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने विकास कार्य भी नहीं किए। ठाकुर ने कांग्रेस सरकार की डेढ़ साल के कार्यकाल में 30 हजार करोड़ का कर्ज लेने के लिए भी आलोचना की।