पैसे देकर पद लेने को लेकर भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों में विवाद

0

शिमला।। राजनीतिक दलों के अंदर हमेशा गुटबाजी देखने को मिलती रहती है। इन दिनों भी ऐसी ही एक गुटबाजी हर तरफ चर्चा का विषय बनी हुई है। लेकिन इस बार यह गुटबाजी प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा से सम्बंधित है।

इन दिनों सोशल मीडिया पर कथित तौर पर हिमाचल भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के बीच बहस का ऑडियो वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में पैसे देकर पद लेने के आरोप पर विवाद हो रहा है।

अमर उजाला की खबर के अनुसार, हाल ही में भाजपा महिला मोर्चा की आईटी संयोजक डॉ. अर्चना, महामंत्री शीतल ब्यास, वंदना गुलेरिया व कुछ अन्यों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोक-झोंक हुई है। एक पदाधिकारी द्वारा दूसरे पर आरोप लगाया गया है कि उसने चार लाख रुपये देकर पद हासिल किया है। वहीं दूसरी पदाधिकारी ने संगठन में कामकाज सही न होने और बदसलूकी जैसे आरोप लगाए हैं।

इस दौरान महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने सभी को चुप कराने का प्रयास किया लेकिन किसी ने नहीं सुना। इन आरोप-प्रत्यारोपों का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो उस कॉल पर मौजूद किसी पदाधिकारी द्वारा ही वायरल किया गया है।

वहीं अमर उजाला के अनुसार कुछ पदाधिकारियों ने इसकी शिकायत प्रदेश अध्यक्ष से भी की है, लेकिन उन्होंने इसे गुटबाजी न मानकर व्यक्तिगत विषय बताया है। पैसों के लेन-देन की बात को भी उन्होंने टाल दिया।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मिधर सूद का कहना है कि ऐसी बातों को तूल न दिया जाए। परिवार में मतभेद हो सकता है, लेकिन गुटबाजी बिल्कुल नहीं है।

वहीं महामंत्री शीतल ब्यास ने भी गुटबाजी से पल्ला झाड़ दिया है। उन्होंने पूरे विवाद को सिरे से नकार दिया। कहा कि पार्टी की अंदरूनी बैठकों में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होती है। ऑडियो वायरल करने वाले की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।