Site icon In Himachal | इन हिमाचल |

आनी : नानी का सहारा बनने के लिए साथ रहती दोहती, घर पर आया मलबा दोनों की मौत

आनी।। जिला कुल्लू के उपमंडल आनी में भारी बारिश से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। भारी बारिश के दौरान मकान पर मलबा गिरने से बुजुर्ग महिला और किशोरी की मौत हो गई। ये रिश्ते में नानी और दोहती थीं। यह घटना आनी उपमंडल की चवाई पंचायत के खदेड़ गांव की है।

जानकारी के अनुसार खदेड़ गांव में 55 वर्षीय चबेलू देवी और उनकी 17 वर्षीय दोहती कृतिका मकान में सो रही थी कि अचानक घर पर मलबा आ गिरा। मलबा छत और दीवार तोड़ते हुए कमरे में जा पहुंचा और इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कृतिका ऊर्टू निरमंड की रहने वाली थी।

हादसे का पता लगते ही आसपास के लोग एकत्र हुए और मलबे में दबी महिला और लड़की को निकालने में जुट गए। हादसे के बाद से गांव में मातम है। दोनों शवों को मलबे से निकाल लिया गया है। महिला के पति की मौत हो चुकी है व उसका कोई बेटा नहीं था। इस कारण महिला के साथ उसकी दोहती रहती थी।

उधर, प्रशासन की ओर से एसडीएम आनी नरेश वर्मा ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से चिकित्सकों की टीम घटनास्थल पर भेज दी है। मौके पर ही शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। वही, प्रशासन की ओर से फौरी राहत प्रदान की जा रही है।

Exit mobile version