Site icon In Himachal | इन हिमाचल |

राम रहीम मामले पर बोले शांता कुमार- नेताओं और मंत्रियों को सद्बुद्धि दे भगवान

पालमपुर।। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शान्ता कुमार ने कहा कि 21वीं सदी में भी अन्धविश्वास और सत्ता की भूख इस देश की जनता और नेताओं को कितने अन्धकार में ले जा रही है। बलात्कार और हत्या के अपराधी 20 साल सजा प्राप्त राम रहीम पैरोल पर आये और उपदेश दे रहे है और चमत्कार द्वारा बेटे का आशीर्वाद दे रहे है। यदि सचमुच यह चमत्कार सही होता तो वे उस चमत्कार से अपने अपराध क्यों नहीं छिपा सके। बलात्कार करते हुए और हत्या करते हुए पकड़े गए। 20 साल की सजा हुई, तब कहां था उनका चमत्कार?

उन्होंने कहा कि इस विज्ञान के युग में भी कुछ लोग अन्धविश्वास से मूर्ख बन रहे है। दुर्भाग्य यह है कि इनमें जनता के नेता यहां तक कि मंत्री भी शामिल है। सत्ता और वोट की भूख नेताओं को किस अन्धकार में ले जा रही है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि इन सबको सद्बुद्धि दें।

शान्ता कुमार ने कहा कि बलात्कार और हत्या के अपराधी 20 वर्ष कैद काट रहे अपराधी को बार बार पैरोल देना एक बड़ा दुर्भाग्य है। उन्हें यह सुविधा भी नेता दिलवा रहे है केवल सत्ता और वोट के लिए। उन्होंने कहा कि देश का कानून बदलना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अपराधियों को इस प्रकार पैरोल पर अपने दरबार सजाने और उपदेश देने की अनुमति नही होनी चाहिए। इस प्रकार के और भी सैंकड़ों अपराधी जेलों में है उन्हें पैरोल की ऐसी सुविधा नहीं मिलती क्योंकि नेताओं को उनकी जरूरत नही है।

Exit mobile version