Site icon In Himachal | इन हिमाचल |

देवी धाम सर्किट, गोल्फ कोर्स और बोटी वाली धाम से बढ़ाएंगे पर्यटन: आरएस बाली

मृत्युंजय पुरी, धर्मशाला।। नगरोटा बगवां क्षेत्र के विधायक रघुबीर सिंह बाली को सरकार ने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाते हुए कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया है। इसी के साथ बाली हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के भी चेयरमैन होंगे।

आरएस बाली ने शुक्रवार को नगरोटा में प्रेस वार्ता कर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का धन्यवाद किया और कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देना उनका लक्ष्य रहेगा। आरएस बाली ने कहा, “हिमाचल प्रदेश में क्वॉलिटी फूड, क्वॉलिटी होटल और लोकल फूड को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकताओं में होगा।”

आरएस बाली ने कहा कि देवी धाम कॉन्सेप्ट के तहत टूरिस्ट हिमाचल से कम से कम 2 से 3 दिन तक रुकें, इसके लिए काम किया जाएगा। इसके साथ साथ बोटी (हिमाचल के परंपरागत शेफ़) द्वारा बनाई जाने वाली धाम के माध्यम से भी हिमाचल में टूरिस्ट को आकर्षित करने का काम किया जाए। उन्होंने गोल्फ कोर्स बनाने का भी जिक्र किया।

बाली ने कहा कि हिमाचल में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इस दिशा में काम किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विस्तृत योजना तैयार की जाएगी जिसकी रूप-रेखा बनाना उन्होंने शुरू कर दिया है।

पिता के बाद पुत्र को मिली पर्यटन के विकास की जिम्मेदारी
आरएस बाली के पिता और कांगड़ा से दिग्गज नेता रहे जीएस बाली को पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई पहल करने के लिए याद किया जाता है। पर्यटन मंत्री रहे दिवंगत जीएस बाली के 2003 में पर्यटन विकास निगम और बोर्ड दोनों का जिम्मा था। उस समय उन्होंने होम स्टे कॉन्सेप्ट को बढ़ावा दिया था। उन्होंने मनाली में हिमालयन स्की विलेज तैयार करने की दिशा में भी कोशिश की थी। जीएस बाली के बाद पर्यटन विभाग के बोर्ड और निगम की जिम्मेदारी मुख्यमंत्रियों के पास ही रही। अब 20 साल बाद उनके बेटे को इन दोनों का दायित्व दिया गया है।

Exit mobile version