Site icon In Himachal | इन हिमाचल

हिमाचल में पहली बार ऑनलाइन पोर्टल से होगी धान की खरीद

शिमला।। हिमाचल प्रदेश में पहली बार धान की खरीद ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इससे किसानों की फसल की कीमत सीधे उनके खाते में पहुंच जाएगी। इसके लिए कृषि विभाग ने ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया है। किसान को इसमें पंजीकरण करने के बाद अपनी जमीन का ब्यौरा दर्ज करना होगा।

पोर्टल पर पंजीकरण के बाद किसान नजदीकी बिक्री केंद्र पर जाकर अपनी फसल को उचित मूल्य पर बेच सकेगा। इस बिक्री के बाद फर्सल के पैसे सीधे उसके बैंक खाते में आएंगे।

माना जा रहा है कि विभाग की इस पहल से बिचौलियों का खेल पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। क्योंकि किसान अब खुद ही अपनी फसल बेच सकेगा। पहले बिचौलिए किसान से फसल खरीदते थे और खुद उसे आगे बेचते थे।

इस बारे में जानकारी देते हुए खाद्य विभाग के निदेशक केसी चमन ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया कांगड़ा के फतेहपुर, सिरमौर के पांवटा साहिब, सोलन के नालागढ़ और ऊना में स्थित खरीद केंद्रों पर खरीद करेंगे। खरीद प्रक्रिया अक्तूबर महीने के तीसरे हफ्ते से शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी केंद्रों को तैयार किया जा रहा है। इस महीने के अंत तक इसे पूरा कर लिया जाएगा।

वहीं, कृषि निदेशक डॉ. आरके प्रुथी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में विभिन्न जिलों में हर साल करीब डेढ़ लाख टन धान की पैदावार होती है। इसमें हिमाचल प्रदेश की खपत से 54 हजार टन धान सरप्लस होता है। पिछले साल की खरीद ऑफलाइन ही थी, लेकिन इस बार पहली बार ऑनलाइन खरीद की जाएगी।

Exit mobile version