Site icon In Himachal | इन हिमाचल |

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष खीमी राम शर्मा कांग्रेस में शामिल

खीमी राम शर्मा

नई दिल्ली।। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और धूमल सरकार में मंत्री रहे खीमी राम शर्मा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। 2017 में भारतीय जनता पार्टी की ओर से टिकट न मिलने के बाद वह नाराज चल रहे थे। उन्होंने अपनी नाराजगी कई मौकों पर खुलकर जाहिर की थी और कई बार पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात भी की थी। मगर अटकलें सही साबित हुईं और मंगलवार को वह दिल्ली मे कांग्रेस में शामिल हो गए।

बंजार के पूर्व विधायक खीमी राम शर्मा पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के करीबी माने जाते हैं। 2012 में जब जेपी नड्डा ने मंत्री पद से इस्तीफा देकर पार्टी मुख्यालय का रुख किया था तब उनकी जगह खीमी राम को मंत्रिमंडल में जगह दी गई थी।

उस समय खीमी राम शर्मा ने कहा था, “मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की कृपा व आशीर्वाद से आज तक इस पद पर पहुंचा हूं। मुख्यमंत्री ने मंत्री पद सौंपकर मुझमें जो विश्वास जताया है, उस कसौटी पर खता उतरने का प्रयास करूंगा। संगठन में भी धूमल के आशीर्वाद से ही अध्यक्ष पद पर काबिज हुआ था। धूमल के प्रति निष्ठा हमेशा बनी रहेगी।”

खीमी राम शर्मा का राजनीतिक करियर:
1993-95 जिला कार्यकारिणी सदस्य
1995-98 प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य
2001 जिला परिषद अध्यक्ष
2003-07 बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक
2005-07 कुल्लू जिला भाजपा अध्यक्ष
2007-12 बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक
2008-09 विधानसभा उपाध्यक्ष
2009 से फरवरी 2012 तक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
फरवरी 2012 से दिसंबर 2012 तक मंत्री
2012 में बंजार से विधानसभा चुनाव हारे
2017 में बीजेपी का टिकट नहीं मिला
जुलाई 2022 में कांग्रेस में शामिल
Exit mobile version