Site icon In Himachal | इन हिमाचल |

नड्डा जी के नेतृत्व में बीजेपी आगे भी बनाएगी जीत के नए रिकॉर्ड: जयराम ठाकुर

नई दिल्ली।। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ने पर बधाई दी है। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने नड्डा के अध्यक्ष रहते कई उपलब्धियां हासिल की हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगी।


हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हर हिमाचलवासी के लिए यह गर्व की बात है कि एक छोटे से पहाड़ी प्रदेश का बेटा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का नेतृत्व कर रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि जेपी नड्डा के नेतृत्व में बीजेपी नौ राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के साथ-साथ 2024 में होने जा रहे लोकसभा चुनावों में भी जीत हासिल करेगी।

ठाकुर ने कहा, “यह खुशी की बात है कि बेहतरीन संगठन क्षमता और सभी को साथ लेकर चलने वाले जगत प्रकाश नड्डा जी का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा है। इस दौरान होने वाले नौ राज्यों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी उनके मार्गदर्शन में जीत हासिल करेगी। इसके साथ ही 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भी पार्टी फिर जीत का रिकॉर्ड बनाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में यह जीत 2019 से भी बड़ी होगी।”

Exit mobile version