शिमला।। सीएम जयराम ठाकुर गुरुवार को रामपुर दौरे पर थे। इस दौरान सीएम सराहन के प्रसिद्ध भीमाकाली मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे। सीएम ने भीमाकाली माता के मंदिर पहुंचकर माथा टेका और पूजा-अर्चना की। इस दौरान पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी उनके साथ थे।
सीएम जयराम ठाकुर भाजपा के इकलौते मुख्यमंत्री हैं जो सीएम पद पर रहते हुए माता भीमाकाली के मंदिर पहुंचे हैं। भाजपा के पूर्व में रहे मुख्यमंत्रियों में से किसी ने भी रामपुर बुशहर आने को लेकर कोई उत्साह नहीं दिखाया। लेकिन सीएम जयराम ठाकुर का रामपुर बुशहर का यह दूसरा दौरा था। दोनों बार ही सीएम ने माता भीमाकाली के मंदिर में शीश नवाया।
दरअसल, मां भीमाकाली बुशहर राजवंश की कुलदेवी है। दिवंगत पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह भी राजपरिवार से थे। वह तत्कालीन बुशहर रियासत के राजा थे। शायद यही कारण है कि पूर्व में रहे भाजपा के मुख्यमंत्रियों में रामपुर आने को लेकर उत्साह नहीं देखा गया। चाहे शांता कुमार हो या फिर प्रेम कुमार धूमल। जयराम ठाकुर ही इकलौते भाजपाई सीएम हैं जो अपने सीएम कार्यकाल में दूसरी बार रामपुर पहुंचे हैं।
इससे पहले जयराम ठाकुर साल 2019 में लवी मेले के समापन के लिए रामपुर पहुंचे थे। उस दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने परिवार सहित माता भीमाकाली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की थी। जयराम ठाकुर मंडी स्थित भीमाकाली मंदिर में भी शीश नवाते रहते हैं।