Site icon In Himachal | इन हिमाचल |

भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुईं ठियोग की नेत्री इंदु वर्मा

इंदु वर्मा

नई दिल्ली।। पूर्व जिला परिषद सदस्य और महासू जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रहीं इंदु वर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। उनके पति दिवंगत राकेश वर्मा ठियोग से तीन बार विधायक रहे। दो बार वह निर्दलीय जीते और एक बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर। राकेश वर्मा ने पिछले दो चुनाव (2012 और 2017) भाजपा के टिकट पर लड़े थे मगर उनकी हार हुई थी।

इंदु वर्मा के कांग्रेस में शामिल होने को भारतीय जनता पार्टी के लिए एक झटके के रूप में इसलिए भी देखा जा रहा है क्योंकि वह भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य भी थीं। उन्हें हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को नई दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के नेता एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा भी मौजूद रहे।

दो बार अलग-अलग वॉर्ड से जिला परिषद चुनी गईं इंदु वर्मा के पति राकेश वर्मा 1993 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। फिर उन्होंने 1998 में बीजेपी के टिकट से चुनाव लड़ा मगर उनकी हार हुई।

इसके बाद 2003 और 2007 में उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और दोनों बार जीत हासिल करके विधानसभा पहुंचे। इसके बाद अगले दो चुनावों (2012 और 2017) में उन्हें बीजेपी का टिकट मिला था मगर वह वह जीत नहीं पाए। 2020 में उनका निधन हो गया था।

Exit mobile version