Site icon In Himachal | इन हिमाचल |

डीसी कांगड़ा ने दिए अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश

धर्मशाला।। कांगड़ा जिला में सोमवार सुबह से ही बारिश का कहर जारी है। बारिश से कांगड़ा जिला के विभिन्न स्थानों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गयी है। कई जगहों पर पुल तो कहीं लोगों के मकान नदी-नालों में आई बाढ़ में बह गए। ऐसे में डीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने सभी अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

डीसी कांगड़ा ने कहा कि मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में 13 जुलाई को भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही 14 से लेकर 16 जुलाई तक मौसम खराब बताया गया है।

इसी मद्देनजर आपदा प्रबंधन एक्ट 2005 के तहत कांगड़ा जिला में सभी विभागों के जिला अधिकारियों को सजग रहने के आदेश दिए गए है। साथ ही अधिकारियों को जिला प्रशासन से सीधे संपर्क में रहने के लिए कहा गया है।

सभी विभागीय अधिकारियों को मोबाइल या अन्य किसी माध्यम से अलर्ट रहने के आदेश दिए गए हैं ताकि आपदा की स्थिति से निपटने के लिए जल्द कार्रवाई की जा सके।

इसके साथ ही उन्होंने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम के ट्रोल फ्री नंबर 1077 या दूरभाष नंबर 01892 229050 पर करने को कहा है।

Exit mobile version