शिमला।। विधानसभा के मॉनसून सत्र के आखिरी दिन भी विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। विपक्ष ने प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष के इस्तीफे को लेकर सदन से वाकआउट किया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम जयराम ठाकुर ने विपक्ष को बिखरा हुआ कुनबा बताया है।
सीएम ने सदन में कहा कि विपक्ष बिखरा हुआ कुनबा है। सभी में नेता बनने की होड़ लगी है। विपक्ष के नेता अपने दूसरे सदस्यों को बोलने का मौका नहीं देना चाहते हैं। जबकि उन्हें दूसरे सदस्यों को बोलने का मौका देना चाहिए।
सीएम ने कहा कि वे विपक्ष की कार्यप्रणाली को जानते हैं। उन्होंने वर्षों तक सदन में विपक्ष की कार्यप्रणाली देखी है। अनावश्यक और ज्यादा बोलने से कोई नेता नहीं बन जाता है। विपक्ष का काम सुझाव देना होता है। लेकिन यहां विषय कुछ और होता है और विपक्ष कुछ और ही बोलता है।
विपक्ष द्वारा विधानसभा अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग पर सीएम ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष संवैधानिक पद है। उनकी ओर से जो व्यवहार किया गया, सत्ता पक्ष को उस पर आपत्ति है। सीएम ने कहा कि अध्यक्ष को हटाने के लिए 14 दिन पहले नोटिस दिया जाता है। जैसा प्रावधान है, उसके अनुसार इसमेें 14 दिन चाहिए। लेकिन यह नोटिस सत्र के अंतिम दिन दिया गया है। इसके अलावा इसमें एक तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है, जो विपक्ष के पास नहीं है। ऐसे में तकनीकी तौर पर यह नोटिस खुद ब खुद खारिज हो जाता है।