Site icon In Himachal | इन हिमाचल |

करसोग मंडल में तैनात फॉरेस्ट गार्ड रहस्यमय हालात में लापता

करसोग।। वन मंडल करसोग में तैनात एक फॉरेस्ट गार्ड रहस्यमय हालात में लापता हो गया है। 22 साल का वन रक्षक होशियार सिंह आखिरी बार सोमवार को सेरी कतांडा में वन विभाग की नर्सरी में था। इसके बाद से अब तक उसका पता नहीं चल पाया है। होशियार सिंह ने वन विभाग की नर्सरी से स्थानीय महिला मंडल को पौधे दिए और इसके बाद उसकी कोई खोज-खबर नहीं है। वन खंड अधिकारी ने इस संबंध में पुलिस थाना करसोग में मामला दर्ज करवा दिया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

लापता फॉरेस्ट गार्ड सराज इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। उसके बारे में कोई खबर न होने से हर कोई परेशान है। करसोग पुलिस ने ए.एस.आई. भौम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम बनाई गई है जो वन रक्षक को तलाश कर रही है। खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराब नहीं मिल पाया है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक करके पता लगाने की कोशिश की है मगर फोन भी स्विच ऑफ है।

22 वर्षीय होशियार की हाल ही में जॉब लगी थी।

हाल ही में नौकरी में लगा होशियार सिंह ड्यूटी को लेकर गंभीर था। आशंका यह भी है कि कहीं वनों में अवैध गतिविधियां चलाने वाले किसी शख्स या माफिया ने होशियार को निशाना न बनाया हो। जंगली जानवर के हमले की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मामले की गंभीरता को देखते हुए हुए वन रक्षक के परिजनों सहित अन्य ग्रामीण भी सेरी कतांडा पहुंच गए हैं। स्थानीय लोगों के अलावा वन रक्षक के गांव से तकरीबन 250 लोग सेरी कतांडा के जंगलों में उसकी तलाश कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि जिस दिन वन रक्षक लापता हुआ है उस दिन उसने अपनी दादी से फोन पर बात की थी। इसके बाद से उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा है। थाना प्रभारी करसोग अश्विनी कुमार का कहना है कि फॉरेस्ट गार्ड की तलाश की जा रही है और अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है।

Exit mobile version