Site icon In Himachal | इन हिमाचल |

पिता पर लगा बेटी के शारीरिक शोषण का आरोप

चंबा।। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी इलाके में एक दुखद घटना सामने आई है। एक शख्स पर अपनी ही बेटी का शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर किहार पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस स्टेशन किहार के ए.एस.आई. जगदीश चंद की अगुवाई में नाबालिग लड़की को अदालत में पेश किया गया, जहां उसने अपने साथ घटी घटना के बारे में पूरी जानकारी दी। पंजाब केसरी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक एएसपी चम्बा वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि लड़की की मां ने पुलिस को बताया है कि उसके पति ने अपनी बेटी के साथ मार्च माह में रात के समय अश्लील हरकतें करने के साथ-साथ उसका शारीरिक शोषण किया।

लड़की का कहना है कि पिता ने इस घटना के बारे में जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। यही कारण है कि उक्त लड़की कई महीने कुछ नहीं बोली, लेकिन हाल ही में लड़की ने अपने साथ घटी घटना के बारे में जानकारी दी।

एएसपी ने बताया कि महिला ने इस मामले को लेकर अदालत में मामला दर्ज करने के लिए अनुरोध किया जिस पर माननीय अदालत ने पुलिस को इस मामले को दर्ज करने के आदेश जारी किए। पुलिस ने पति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 व 506 तथा पोक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने मामले के आरोपी को दबोचने के लिए जगह-जगह पर छापामारी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी के चलते पुलिस ने सोमवार को कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगा।

Exit mobile version