Site icon In Himachal | इन हिमाचल |

हिमाचल के चंबा से गिरफ्तार हुआ भीम आर्मी का संस्थापक चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण

चंबा।। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जातीय हिंसा फैलाने के आरोपी और भीम आर्मी के संस्थापक चन्द्रशेखर आजाद उर्फ रावण को यूपी पुलिस और एसटीएफ ने हिमाचल से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि चंबा के डलहौजी में सुभाष चौक से चंद्रशेखर की गिरफ्तारी हुई। पुलिस उसे देर शाम तक सहारनपुर लाएगी। एक पुख्‍ता सूचना के बाद उसे आज डलहौजी में ग‍िरफ़तार क‍िया गया है।

चन्द्रशेखर के खिलाफ सहारनपुर कोतवाली देहात में चार मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध 9 मई को यह मुकदमें दर्ज हुए थे। रावण पर 12 हजार का इनाम भी घोषित है। अब पुलिस ने 28 दिन बाद उसे गिरफ्तार किया है। उधर, गृह सचिव मणि प्रसाद मिश्रा साहरनपुर एसएसपी बबलू कुमार ने चन्द्रशेखर आजाद उर्फ रावण की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। ह‍िमाचल पुल‍िस इस मामले की अभी जांच कर रही है।

उत्तर प्रदेश के अपर महानिदेशक कानून-व्यवस्था आदित्य मिश्रा ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण को उत्तर प्रदेश पुलिस हिमाचल प्रदेश के थाना डलहौजी में अपनी आमद दिखाकर उसे देर शाम तक सहारनपुर लाएगी। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद की गिरफ्तारी के बाद से हमको बड़ी राहत मिली है। उसको हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से गिरफ्तार किया गया है। आज शाम तक पुलिस चंद्रशेखर को कोर्ट में पेश कर सकती है। इसको देखते हुए कोर्ट परिसर छावनी मे तब्दील किया गया है।

Exit mobile version