त्रिदेव सम्मेलन में राजनाथ सिंह ने पढ़े अनुराग की तारीफ में कसीदे

हमीरपुर।। हमीरपुर में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने हिमाचल के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जल्द ही हिमाचल में अर्धसैनिक बलों की भर्तियां होंगी। इसके साथ ही उन्होंने हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर की जमकर तारीफ की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की सरकार के कार्यकाल की भी सराहना की।

राजनाथ सिंह ने कहा कि यहां के लोग बधाई के पात्र हैं जिन्होंने अनुराग ठाकुर को चुनकर भेजा है। राजनाथ बोले, “अनुराग देश के युवाओं को दिशा देने की क्षमता रखते हैं। वह राजनीति के साथ-साथ खेल में भी छक्का मार रहे हैं।’ साथ ही धूमल सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल से प्लास्टिक बैन करने का श्रेय भी धूमल को जाता है। वीडियो देखें:

इसके साथ ही राजनाथ ने कहा कि पैरामिलिट्री में हिमाचल के नौजवानों की भर्ती के लिए जल्द मैं कोई व्यवस्था करूंगा। राजनाथ ने पाकिस्तान के साथ चल रही तनातनी पर बात करते हुए कहा कि सीमा पार से एक भी गोली चली तो भारतीय सेना दुशमनों पर चलने वाली गोलियों की गिनती नहीं करेगी।

इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल, भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय, सांसद अनुराग ठाकुर, संसदीय प्रभारी रणधीर शर्मा और जिला अध्यक्ष अनिल ठाकुर भी मंच पर मौजूद रहे।

SHARE