खुद मर गई मगर मरने से पहले मालकिन की जान बचा गई भैंस

कांगड़ा।। कांगड़ा में संयोग से एक महिला की जान भैंस की वजह से बच गई, मगर अफसोस! भैंस खुद न बच सकी। दरअसल चामुंडा देवी के मंदिर के साथ लगते गांव में मंगलवार को आंधी के कारण बिजली का खंबा टूटने से तार नीचे गए गए थे। इसका पता किसी को नहीं था। करंट गीली जमीन पर भी आ गया था।

भैंस खंबों को मजबूती देने के लिए लगाई गई स्टे वायर के साथ खुद को रगड़कर खुजाने लगी। इस वायर में भी करंट था और वह उससे चिपक गई। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आई भैंस तड़पने लगी। भैंस की मालकिन ने यह देखा तो बिना सोचे वह भैंस की तरफ जाने लगी। मगर वह भी करंट की वजह से भैंस के साथ चिपक गईं।

इन हालात में बचने की उम्मीद न के बराबर थी मगर तड़प रही भैंस के शरीर में हलचल हुई और उसकी जोरदार लात महिला को लगी। लात पड़ते ही जगंदवा देवी नाम की महिला छिटककर दूर खेत में जा गिरीं। उनकी जान तो बच गई मगर भैंस वहीं मर गई।

SHARE