मंडी लैंडस्लाइड: इन रूटों की 2 बसों से 50 यात्री बहे

मंडी।। मंडी जिले के कोटरोपी में आई प्राकृतिक आपदा में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की दो बसों के दबने की पुष्टि हुई है। परिवहन मंत्री जी.एस. बाली ने बताया है कि मनाली-कटड़ा और चंबा-मनाली रूट की बसें इस लैंडस्लाइड की चपेट में आई हैं और करीब 50 लोगों के बह जाने की खबर है।

पढ़ें: मंडी के कोटरोपी में बहुत बड़ा भूस्खलन, भारी नुकसान

परिवहन मंत्री ने फेसबुक पेज पर डाले स्टेटस में लिखा है, ”मंडी जिले के कोटरोपी में रात को बारिश के बाद हुए भूस्खलन में परिवहन निगम की दो बसें भी चपेट में आ गईं। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में करीब 50 लोगों के बह जाने की आशंका है। इनमें एक बस चंबा-मनाली और दूसरी मनाली-कटड़ा है।”

आगे वह लिखते हैं, ”रात 2 बजे से राहत व बचाव कार्य जारी हैं और मैं खुद लगातार जिला प्रशासन व अन्य संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हूं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेना को भी बुलाया गया है। जल्द ही हेल्पलाइन नंबर इसी स्टेटस पर अपडेट किया जाएगा।”

इस हादसे में एचआरटीसी की एक बस दब गई थी। ज्यादातर सवारियां उतर गई थीं। बाद में कुछ को बचाया गया। 4 शव भी निकाले गए हैं।

वहीं जानकारी मिल रही है कि मनाली-कटड़ा बस से कुछ यात्रियों को बचाया गया है मगर दुर्भाग्य से मनाली-चंबा बस का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। बताया जा रहा है कि यह बस यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थी।

तस्वीरें: देखें, कितने बड़े इलाके में हुआ लैंडस्लाइड

इस संबंध में हेल्पलाइन नंबर या अन्य जानकारी मिलने पर हम अपडेट करेंगे।

SHARE