पूर्व मंत्री ने खाली नहीं किया बंगला, नए मंत्री किशन कपूर परेशान

शिमला।। नई सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री किशन कपूर जो बंगला अलॉट हुआ है, वह पिछली सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल को मिला हुआ था। शांडिल खुद तो यहां नहीं रहते मगर उनका सामान अभी तक यहीं है। इस कारण किशन कपूर को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी मिली है कि कभी उन्हें सरकारी गेस्ट हाउस में रुकना पड़ रहा है तो कभी रिश्तेदारों के यहां।

क्या हैं नियम
सचिवालय के जनरल ऐडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (जीएडी) को ही मंत्रियों के लिए बंगले आदि की व्ययवस्था करने की जिम्मेदारी होती है। नियम कहते हैं कि सरकार बदलने के बाद 15 दिनों के अंदर आवास को खाली करना होता है। इस संबंध में कई मंत्रियों ने पहले ही आवास खाली कर दिए थे। मगर इस मामले में जीएडी भी मुश्किल में फंस गया है।

बता दें कि भले ही कांग्रेस हार गई है मगर शांडिल चुनाव जीत गए हैं। मीडियाकर्मी पूर्व मंत्री से इस संबंध में संपर्क करने की कोशिश करते रहे मगर वह उपलब्ध नहीं हो पाए। इस तरह से पूरी स्थिति अजीब सी बनी हुई है।

SHARE